Breaking
Tue. Mar 24th, 2026

साहिबगंज: भूमि विवाद में अधेड़ की हत्या, परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल

साहिबगंज: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हाजीपुर दियारा पश्चिम टोला में गुरुवार सुबह भूमि विवाद के चलते एक अधेड़ व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमले में मृतक के परिवार के चार सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

विवाद की शुरुआत:

 

बुधवार शाम को खेतों में पानी पटाने को लेकर दो पक्षों के बीच मामूली विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप से स्थिति शांत हो गई थी, लेकिन गुरुवार सुबह विवाद फिर से भड़क उठा।

 

हमला और हत्या:

 

गुरुवार सुबह एक पक्ष ने धारदार हथियारों से अचानक हमला कर दिया। हमलावर तलवार, चाकू, भाला और फरसा जैसे घातक हथियारों से लैस थे। इस हमले में 55 वर्षीय भूप नारायण रजक की मौके पर ही मौत हो गई।

 

हमले में मृतक की पत्नी सरीता देवी और तीन बेटे – चीकू रजक, ओम प्रकाश रजक और धर्मेंद्र रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो को साहिबगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य को पीरपैंती अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

 

पुलिस की कार्रवाई:

 

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी मदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

 

घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

Related Post