Breaking
Tue. Mar 31st, 2026

होटल व्यवसायी के आवास से एक करोड़ से अधिक नकद, सोना और मादक पदार्थ बरामद..

कोडरमा -:जिले के एक गांव में भारी मात्रा में कैश मिलने से हड़कंप मच गया है. कोडरमा थाना के लरियाडीह पंचायत के वृंदा गांव में सुखदेव रजक नाम के व्यक्ति के घर पर छापेमारी में करोड़ों रुपये बरामद होने की सूचना है. बीती रात 2 बजे से कोडरमा पुलिस सुखदेव रजक के घर पर रेड कर रही है. इधर मंगलवार की सुबह मौके पर 2 काले रंग के बैग के साथ इनकम टैक्स की टीम भी पहुंची. जानकारी के अनुसार छापेमारी में करोड़ों रुपये नकद के अलावा सोना और मादक पदार्थ भी बरामद होने की सूचना है. बताया जाता है कि सुखदेव रजक हजारीबाग जिले के बरही में होटल का संचालन करता है. इसके अलावा वह अवैध कार्यों से भी जुड़ा हुआ है. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ कोडरमा एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह खुद मौजूद हैं. बरामद नकद रुपये को गिनने के लिए काउंटिंग मशीन भी मंगायी गयी है. इसके अलावा 2 काले बैग लेकर इनकम टैक्स विभाग के चार लोग भी वहां पहुंच गए हैं. गांव के सूत्रों ने बताया कि सुखदेव रजक की उम्र महज 40 वर्ष है और हाल में ही यूपी के जौनपुर में भी उसने अपना व्यवसाय शुरू किया था. छापेमारी में अबतक 70 लाख रुपये से अधिक की गिनती हो चुकी है और गिनती अभी जारी है. वहीं मौके से भारी मात्रा में गोल्ड और अफीम के कुछ पाउच भी मिलने की बात सामने आ रही है. कोडरमा पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर रखा है. इधर छापेमारी की भनक लगते ही मकान मालिक सुखदेव रजक फरार हो गया है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

Related Post