सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज आयकर विभाग के मुख्य आयकर आयुक्त (CCIT), बिहार एवं झारखंड, श्री जयंत मिश्रा, IRS, से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व SCCI के अध्यक्ष श्री विजय आनंद मूनका कर रहे थे, जिनके साथ महासचिव श्री मानव केडिया, उपाध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष पुनित कांवटिया, सचिव श्री अंशुल रिंगासिया उपस्थित थे।
बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें प्रमुख रूप से आयकर की वार्षिक सूचना विवरणी (AIS) में डेटा मिसमैच की समस्या, धारा 148A और धारा 148 की जटिलता को सरल बनाने की आवश्यकता, और झारखंड के करदाताओं एवं पेशेवरों के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान शामिल था। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से झारखंड के करदाताओं की कठिनाइयों का जिक्र किया, जिनका अपील 3 (CIT Appeal 3) का कार्यालय वर्तमान में पटना में स्थित होने के कारण सामना करना पड़ रहा है। इस कार्यालय को झारखंड के भीतर स्थानांतरित करने की मांग की गई, ताकि करदाताओं और पेशेवरों को सुगमता हो सके।
श्री जयंत मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल की चिंताओं को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि इन मुद्दों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग करदाताओं और पेशेवरों के सामने आने वाली समस्याओं को सुलझाने के लिए आवश्यक सुधारों पर विचार करेगा।
इस बैठक से करदाताओं और पेशेवरों को राहत मिलने की उम्मीद है, और सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने इस सकारात्मक कदम के लिए श्री जयंत मिश्रा का आभार व्यक्त किया।

