Breaking
Tue. Mar 17th, 2026

चांडिल डैम से लापता पायलट का शव बरामद !

चांडिल:-गुरुवार की सुबह चांडिल डैम से एक लापता विमान टी वी जुलियट के पायलट का शव बरामद किया गया, जो जमशेदपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के 15 मिनट बाद लापता हो गया था। इस घटना के बाद एनडीआरएफ की टीम ने चांडिल स्वर्णरेखा बांध विस्थापित मत्स्यजीवी सहकारी समिति लिमिटेड और चांडिल डैम विस्थापित मत्स्यजीवी स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के सदस्यों के साथ मिलकर डैम में व्यापक खोज अभियान शुरू किया। पायलट शुभ्रोदीप दत्ता का शव कल्याणपुर के सामने डैम के पानी में झाड़ियों के बीच फंसा मिला।

ग्रामीणों की सूचना पर ही डैम में विमान की तलाश की जा रही थी, और उनकी सूचना सही साबित हुई। लापता विमान में पायलट जीत शत्रु और प्रशिक्षु पायलट शुभ्रोदीप दत्ता सवार थे। खोज अभियान के पहले दिन एनडीआरएफ की टीम को कोई खास सफलता नहीं मिली थी, हालांकि, अभियान के दौरान एक पायलट के जूते और पानी में तेल के कुछ अंश मिले थे, जिससे टीम को संकेत मिला कि वे सही दिशा में काम कर रहे हैं। इसके बाद टीम ने विभिन्न स्थानों पर लापता विमान और पायलटों की तलाश जारी रखी, लेकिन बुधवार शाम तक कोई और सुराग नहीं मिल पाया था।

इस दुखद घटना के बाद आदित्यपुर निवासी ट्रेनी पायलट शुभ्रोदीप दत्ता के माता-पिता और अन्य परिजन भी सुबह चांडिल डैम पहुंचे। प्रशासन ने लापता विमान के चांडिल डैम में गिरने की सूचना के बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। यह घटना न केवल विमानन क्षेत्र में चिंता का विषय बनी हुई है, बल्कि स्थानीय समुदाय के लिए भी एक गहरा दुख लेकर आई है।

Related Post