Breaking
Tue. Mar 17th, 2026

चाईबासा में पीएलएफआई सदस्य याकुब टुटी गिरफ्तार, हथियार और दस्तावेज बरामद !

चाईबासा -:पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के सदस्य याकुब टुटी को 17 अगस्त 2024 को गिरफ्तार कर लिया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें बताया गया था कि याकुब टुटी, थामस बडिंग, और मंगल सुरीन को समीज क्षेत्र के आसपास मोटरसाइकिल पर घूमते देखा गया है। पुलिस जब आनंदपुर थाना क्षेत्र के बघचट्टा (गुड़गांव) के पास पहुंची, तो तीनों भागने लगे। थामस बडिंग और मंगल सुरीन अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, लेकिन याकुब टुटी को पुलिस ने धर दबोचा।

गिरफ्तारी के बाद याकुब टुटी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक हरे रंग का पाउच बरामद हुआ, जिसमें तीन जिंदा कारतूस, पीएलएफआई का पर्चा, चार छोटी डायरियाँ (जिनमें लेवी से संबंधित हिसाब-किताब और विभिन्न लोगों के दूरभाष नंबर दर्ज थे), और दो स्मार्टफोन मिले। इसके अलावा पुलिस ने एक अपाचे मोटरसाइकिल (JH 20 G 6100) भी जब्त की।

याकुब टुटी के खिलाफ आनंदपुर थाना में कांड संख्या- 15/24, दिनांक 17/08/2024, धारा 25 (1-B) (a)/26/35 Arms Act एवं 17 CLA Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। याकुब टुटी के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर अपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, अपहरण, और हथियार अधिनियम के तहत मामले शामिल हैं।

पुलिस अब फरार आरोपियों थामस बडिंग और मंगल सुरीन की तलाश में जुट गई है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में पीएलएफआई की गतिविधियों पर लगाम लगाने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

Related Post