जमशेदपुर: – समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में दिशा की बैठक का आयोजन माननीय सांसद विद्युत वरण महतो की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में विधायक सरयू राय, विधायक रामदास सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज, जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मितल, उप विकास आयुक्त मनीष कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, परियोजना निदेशक आईटीडीए दीपांकर चौधरी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने जोर देकर कहा कि सभी विभागों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को संवेदनशीलता, तत्परता एवं आपसी समन्वय के साथ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के सही क्रियान्वयन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मितल ने आश्वासन दिया कि दिशा की बैठक में उठाए गए जनहित के मुद्दों का समाधान जिला प्रशासन द्वारा समय सीमा में तत्परता से किया जाएगा।
बैठक की शुरुआत में पिछले बैठक की कार्रवाई का अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। बिजली विभाग को निर्देश दिया गया कि गैर विद्युतीकृत गांवों में विद्युतीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाए और जर्जर बिजली के तारों एवं अस्थाई बिजली के पोल को अगले दो महीने में बदला जाए। साथ ही, बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत लाइनमैन का बीमा कराने और दुर्घटना की स्थिति में उचित मुआवजा सुनिश्चित करने की बात कही गई।
ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा के दौरान विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया गया। डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) मद से स्कूलों में अतिरिक्त कमरे, चारदीवारी, पेयजल सुविधा आदि बुनियादी सुविधाओं को सही तरीके से क्रियान्वित करने का निर्देश दिया गया।
शिक्षा विभाग के रूआर (राइट टू एजुकेशन) अभियान के तहत निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत गरीब परिवार के बच्चों के नामांकन की स्थिति की समीक्षा की गई और विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों के बीच जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज, 108 एम्बुलेंस सेवा की स्थिति, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में नियमित एएनएम की उपस्थिति और दवाओं की उपलब्धता की सुनिश्चितता के लिए अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, ग्रामीण बैंक शाखाओं में ग्राहकों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें, और बहरागोड़ा बस स्टैंड के सुधार की मांग पर भी चर्चा की गई। सांसद ने अधिकारियों से इन सभी मुद्दों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

