जमशेदपुर-: लगातार हो रहे बारिश से जमशेदपुर और इसके आसपास के इलाकों में जल जमाव की समस्या उत्पन्न हो गई। बागबेड़ा के निचले इलाके के कई घरों में बारिश का पानी घुस गया, जिसके कारण कई घरों का सामान भीग गया। इसी तरह की स्थिति सोनारी आदर्श कॉलोनी, कदमा शास्त्रीनगर, भुइयांडीह सहित अन्य जगहों पर भी देखने को मिली। जल जमाव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुसलाधार बारिश के चलते कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, एमजीएम में जगह-जगह पानी भर गया। इससे मरीजों और अटेंडरों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, खासकर शिशु रोग विभाग के समीप और लांड्री में भी पानी घुस आया।
जमशेदपुर में पिछले चौबीस घंटे में 22 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना बनी रहेगी।
बारिश के चलते जाम नालियों की पोल खुल गई। साकची हावड़ा ब्रिज के पास सड़क के दोनों ओर पानी बहकर ब्रिज के नीचे जमा हो गया। इस कारण लोगों को पानी में खड़े रहकर भीगने से बचना पड़ा। वहीं, जुगसलाई क्षेत्र में नालियों का कचरा सड़क पर फैल गया, जिससे सड़क तालाब बन गई।
शुक्रवार की बारिश के कारण जमशेदपुर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को शहर का तापमान सामान्य से आस-पास (33.5 डिग्री सेल्सियस) था, लेकिन शुक्रवार को दोपहर में धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई, और शाम को बारिश के बाद तापमान में गिरावट आ गई।

