Breaking
Sun. Apr 12th, 2026

कुख्यात अपराधी अमन साहू को गिरिडीह से चाईबासा जेल में किया गया शिफ्ट,

चाईबासा-:  कुख्यात अपराधी अमन साहू को रविवार तड़के गिरिडीह से चाईबासा जेल शिफ्ट कर दिया गया। गिरिडीह केंद्रीय कारा की अधीक्षक हिमानी प्रिया को धमकी देने के मामले में मुख्यालय स्तर पर दी गई सूचना के बाद जेल आईजी सुदर्शन मंडल के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई है।शनिवार की रात मुख्यालय से अमन साहू की शिफ्टिंग का आदेश गिरिडीह केंद्रीय कारा प्रबंधन को मिला और इसके बाद गोपनीय तरीके से रविवार सुबह 4 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच अमन साहू को चाईबासा जेल ले जाया गया।

बता दें एक महीने पहले 20 जून को अमन साहू को मेदिनीनगर केंद्रीय कारा से गिरिडीह लाया गया था। यहां वह अपने लिए कई तरह की सुविधाओं की मांग कर रहा था।सुविधाएं मुहैया नहीं कराने पर गिरिडीह केंद्रीय कारा की अधीक्षक हिमानी प्रिया को अमन साहू के गुर्गे मयंक सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय नंबरों से फोन कॉल और मैसेज कर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।

इधर बीते सप्ताह झारखण्ड एटीएस ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध नंबरों को सर्विलांस पर रखा था और कारा अधीक्षक हिमानी प्रिया के खिलाफ षड्यंत्र की पुष्टि पर राज्य के विभिन्न ठिकानों से चार लोगों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए लोगों ने स्वीकार किया था कि वह हिमानी प्रिया के देवघर स्थित आवास पर गोलीबारी की योजना बना रहे थे।

Related Post