Breaking
Tue. Aug 18th, 2026

हाइवा की चपेट में आने से चक्रधरपुर में दो युवकों की मौत

चक्रधरपुर।रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग पर पोटका में सोमवार रात लगभग दो बजे एक तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के चन्द्री गांव निवासी 20 वर्षीय बिभु बारला और 22 वर्षीय बुधराम सरदार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सोमवार देर रात पोटका में आयोजित छऊ नृत्य सह मेला देखकर स्कूटी से अपने गांव चन्द्री लौट रहे थे। इसी दौरान पोटका के ऑक्सफोर्ड स्कूल के समीप तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक हाइवा लेकर फरार हो गया, जबकि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना चक्रधरपुर थाना को दी। रात लगभग ढाई बजे दोनों युवकों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों के परिजन मंगलवार सुबह अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विजय मेलगांडी भी अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने चक्रधरपुर में हो रहे सड़क हादसों पर पुलिस-प्रशासन से रोक लगाने की मांग की।

चन्द्री गांव में दो युवकों की मौत से शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

Related Post