टोरी सर्कुलेटिंग एरिया मे वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लावारिस हालत में एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल जब्त किया गया।
चंदवा संवाददाता मुकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट।
बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड के टोरी जंक्शन पर पदस्थापित आरपीएफ ने आपरेशन नंबर प्लेट अभियान के तहत टोरी सर्कुलेटिंग एरिया में जब्त पैशन प्रो बाइक को कागजी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद उसके मालिक को सौंपा।
टोरी आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि आपरेशन के दौरान टोरी सर्कुलेटिंग एरिया मे वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लावारिस हालत में एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल जब्त किया गया। किसी व्यक्ति द्वारा वाहन संबंधी दावेदारी प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद बरामद बाइक को रेलवे सुरक्षा बल टोरी पोस्ट लाकर सुरक्षित रखा गया।
इसके बाद संबंधित सूचना बालूमाथ एवं चंदवा पुलिस को दी गई। छानबीन के दौरान बालूमाथ थाना पुलिस ने टोरी आरपीएफ को बताया कि उक्त बाइक नरेश बैठा (पिता भदेश्वर बैठा, कुरियांग, बालूमाथ) की है।
सूचना के बाद बाइक मालिक कागजात के साथ टोरी आरपीएफ पोस्ट पहुंचा। सारे कागजात दिखाए। बताया कि कुछ माह पूर्व बालूमाथ बाजार से बाइक की चोरी कर ली गई थी। उसके बाद से वह लगातार बाइक की खोज कर रहा था। बालूमाथ पुलिस को भी सूचना दी गई थी। आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद बरामद गाड़ी को गाड़ी मालिक को सुपुर्द कर दिया गया। बाइक मालिक को बाइक दिए जाने की सूचना बालूमाथ थाना को दी गई।
खोए बाइक की प्राप्ति के बाद नरेश बैठा ने टोरी आरपीएफ को साधुवाद दिया। कहा कि ऐसी कार्यशैली से पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ता है। मौके पर टोरी आरपीएफ उप निरीक्षक मणिकांत कुमार, रोहित प्रताप सिंह, अजीत कुमार समेत अन्य मौजूद थे।

