Breaking
Thu. Jun 18th, 2026

करंट लगने से मजदूर की मौत, ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप; परिजनों ने मांगा मुआवजा

जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी में निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चौका थाना क्षेत्र के बालीडीह निवासी 22 वर्षीय रवि मांझी के रूप में हुई है। घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार रवि मांझी कपाली गौस नगर निवासी ठेकेदार शरीफ अंसारी के अधीन मजदूरी का काम कर रहा था। इसी दौरान वह बिजली की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। साथ में काम कर रहे मजदूर उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों और साथियों का आरोप है कि घटना के बाद ठेकेदार ने पुलिस को सूचना दिए बिना रवि मांझी के शव को उसके पैतृक गांव भिजवा दिया। बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने इलाज के नाम पर मृतक के परिवार को 13,500 रुपये दिए और आगे सहायता का भरोसा भी दिलाया था। हालांकि कुछ समय बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिससे उससे संपर्क नहीं हो सका।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने बैठक की और इसके बाद बुधवार रात मृतक का शव लेकर आजादनगर थाना पहुंचे। मृतक के मित्र रंजीत मंडल ने बताया कि वे लोग रात करीब दो बजे थाना पहुंचे थे और गुरुवार सुबह तक वहीं मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस लगातार ठेकेदार से संपर्क करने का प्रयास करती रही, लेकिन उसका फोन बंद मिला।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को आश्वासन दिया गया है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों ने ठेकेदार और मकान मालिक से मुआवजा दिलाने की मांग की है।

फिलहाल इस मामले में थाना में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Post