जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों पर चिंता जताई है। काटिन, गोपालपुर, गैंगड़ा, काश्मार, बनकुंचिया, बनडीह, कांकू और दांदू होते हुए पश्चिम बंगाल सीमा तक बनाई जा रही सड़क के निर्माण कार्य के दौरान कई स्थानों पर पुलिया और कलवर्ट निर्माण के लिए गहरी खुदाई की गई है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
गुरुवार को समाजसेवी विश्वनाथ महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास के निर्देश पर प्रधान लिपिक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, फ्लैश लाइट और रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था का अभाव है, जिससे विशेषकर बारिश और रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
विश्वनाथ महतो ने कहा कि सड़क निर्माण विकास के लिए आवश्यक है, लेकिन लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। ग्राम प्रधान मृत्युंजय महतो समेत कई ग्राम प्रधानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण एजेंसी को निर्देश देकर जनहित में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की अपील की है।

