Breaking
Thu. Jun 18th, 2026

हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के पास ट्रक की टक्कर से दो युवक गंभीर, जमशेदपुर रेफर

सरायकेला: चाईबासा मुख्य मार्ग पर स्थित हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों की पहचान पहाड़पुर निवासी 18 वर्षीय गणेश रंजन पाड़ेया और 22 वर्षीय नारायण सिंह गोड़सोरा के रूप में हुई है। दोनों युवक फिलहाल हंसाउड़ी में रहकर काम करते हैं। बताया गया कि वे बाइक से अपने गांव पहाड़पुर जा रहे थे। इसी दौरान हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया।

चिकित्सकों के मुताबिक गणेश रंजन पाड़ेया का एक पैर टूट गया है, जबकि नारायण सिंह के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरायकेला-चाईबासा मुख्य मार्ग पर सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। जगह-जगह बने गड्ढे और सड़क किनारे अव्यवस्थित कट दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रहे हैं। वाहन चालक गड्ढों से बचने के लिए अचानक दिशा बदलते हैं, जबकि कई स्थानों पर बने कट से वाहन बिना किसी चेतावनी के सड़क पार कर जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के आसपास का क्षेत्र दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका है, लेकिन सड़क की मरम्मत और यातायात सुरक्षा को लेकर अब तक कोई प्रभावी पहल नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि जल्द ही वाहन और चालक का पता लगाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post