Breaking
Sun. Jun 7th, 2026

19 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, 7 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज*

रांची।मांडर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मांडर थाना पुलिस ने सात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पीड़िता के अनुसार, वह पिछले दो वर्षों से करगे गांव में एक युवक के साथ रह रही थी। करीब डेढ़ माह पहले युवक काम के सिलसिले में केरल चला गया था, जिसके बाद वह उसके घर पर ही रह रही थी। शुक्रवार को मांडर के एक होटल में कार्यरत युवक उसे और उसकी ननद को रांची स्थित Rock Garden घुमाने ले गया था। शाम को दोनों को वापस गांव छोड़ दिया गया।

पीड़िता का आरोप है कि शाम करीब सात बजे वह ससुराल के पास स्थित बगीचे में बैठी थी, तभी कुछ युवक उसे जबरन अपने साथ ले गए और करगे नदी किनारे उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि शनिवार सुबह उसे छोड़ा गया, जिसके बाद वह ससुराल पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

इसके बाद पीड़िता अपने पिता के साथ मांडर थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सात आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी मनोज करमाली ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Related Post