Breaking
Sat. Jun 6th, 2026

मिशन उदय की जमीनी हकीकत परखी, सांसद जोबा माझी और उपायुक्त मनीष कुमार ने खुद कराई स्वास्थ्य जांच

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित मिशन उदय अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए सिंहभूम सांसद जोबा माझी और उपायुक्त मनीष कुमार शनिवार को सोनुवा प्रखंड की आसनतलिया पंचायत स्थित दिगीलोटा आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां दोनों ने न केवल अभियान के तहत चल रही गतिविधियों का निरीक्षण किया, बल्कि स्वयं स्वास्थ्य जांच कराकर व्यवस्थाओं को भी परखा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से बातचीत कर सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता के बारे में फीडबैक भी प्राप्त किया। सांसद जोबा माझी ने कहा कि मिशन उदय का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान सुनिश्चित करना है।

आंगनबाड़ी सेविका और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) ने बताया कि घर-घर सर्वेक्षण के माध्यम से मलेरिया, एनीमिया समेत विभिन्न बीमारियों से प्रभावित लोगों की पहचान कर उन्हें निशुल्क दवा और उपचार सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है।

उपायुक्त मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि मिशन उदय की सफलता तभी संभव है, जब जरूरतमंद लोगों तक समय पर जांच, उपचार और परामर्श की सुविधाएं पहुंचें। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post