Breaking
Sat. Jun 6th, 2026

कपाली में 16 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार में मातम

कपाली। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के बंधुगोड़ा वार्ड संख्या-14 में शनिवार को एक 16 वर्षीय छात्रा की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की पहचान हिना प्रवीण के रूप में हुई है। वह शहाबुद्दीन अंसारी की पुत्री थी और हाल ही में कक्षा 8 उत्तीर्ण करने के बाद कक्षा 9 में नामांकित हुई थी।

परिजनों के अनुसार, घटना के समय हिना घर पर अकेली थी। कुछ देर बाद जब परिवार के सदस्यों ने उसे घर के अंदर अचेत अवस्था में देखा तो घर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हिना की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

बताया जा रहा है कि हिना पढ़ाई में रुचि रखने वाली छात्रा थी। उसकी असामयिक मौत ने परिवार के साथ-साथ पूरे मोहल्ले को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Related Post