जमशेदपुर।सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के चलियमा स्थित रुंगटा स्टील प्लांट में कार्य के दौरान गंभीर रूप से झुलसे ठेका मजदूर रतन घोष का शनिवार सुबह इलाज के दौरान निधन हो गया। रतन घोष जमशेदपुर के परसुडीह निवासी थे और उनकी उम्र करीब 48 वर्ष थी। उनकी मौत की खबर से परिजनों, सहकर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक फैल गया।
जानकारी के अनुसार 31 मई को प्लांट में काम करते समय रतन घोष गर्म तरल पदार्थ की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए थे। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया था, जहां कई दिनों तक उनका उपचार चला, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास सफल नहीं हो सके।
रतन घोष ठेका एजेंसी श्रीशिवा कंस्ट्रक्शन एंड प्रोजेक्ट के माध्यम से रुंगटा स्टील प्लांट में कार्यरत थे। उनके निधन के बाद अस्पताल में परिजनों, मजदूर प्रतिनिधियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मुआवजे को लेकर बातचीत हुई। वार्ता में स्थानीय जनप्रतिनिधि माणिक मल्लिक, ठेका एजेंसी के संवेदक तथा कंपनी प्रबंधन शामिल रहे।
काफी देर तक चली चर्चा के बाद मृतक के परिजनों को 15 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी। साथ ही अंतिम संस्कार और क्रियाकर्म का खर्च वहन करने तथा परिवार के एक आश्रित सदस्य को भविष्य में रोजगार देने के प्रस्ताव पर भी सकारात्मक सहमति बनी। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। माणिक मल्लिक ने घटना पर दुख जताते हुए औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने की आवश्यकता बताई।

