चाईबासा: चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित अंतर जिला महिला अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के तहत खेले गए लीग मुकाबलों में देवघर ने जमशेदपुर को 4 विकेट से और सरायकेला-खरसावां ने कोडरमा को 6 विकेट से हराया।
पहले मैच में टॉस जीतकर जमशेदपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 111 रन बनाए। टीम की ओर से अनन्या वर्मा ने 6 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 67 रन बनाए। नादिया अली ने 21 और प्राची प्रधान ने 14 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए देवघर की टीम ने 19.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 113 रन बनाकर मैच जीत लिया। देवघर की पूर्णिमा कुमारी ने 62 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 73 रन की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बनीं। उन्हें 5000 रुपये का नकद पुरस्कार अंपायर अरविंद सिंह ने दिया।
दूसरे मैच में सरायकेला-खरसावां ने कोडरमा को 6 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोडरमा की टीम 18.1 ओवर में 94 रन पर ऑल आउट हो गई। किरण कुमारी ने 31 और रिया कुमारी ने 20 रन बनाए।
सरायकेला-खरसावां की ओर से कोमल कुमारी ने 4 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि दृष्टि सिंह और भैरवी चावला को 2-2 विकेट मिले।
95 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सरायकेला-खरसावां ने 17.3 ओवर में 4 विकेट पर 95 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम की ओर से संपर्ना प्रुष्टि ने 30, भैरवी छाबड़ा ने 28 और कोमल कुमारी ने नाबाद 11 रन बनाए। कोडरमा की प्रियंका कुमारी और निराली कुमारी ने 2-2 विकेट लिए।
ग्रुप लीग में देवघर ने सभी तीन मैच जीतकर 12 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि जमशेदपुर 8 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। सरायकेला-खरसावां को जीत के बावजूद तीसरे स्थान पर रहने के कारण प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा।
अब 22 मार्च को पहले क्वार्टर फाइनल में जमशेदपुर का मुकाबला गुमला से होगा, जबकि उसी दिन दोपहर 1 बजे देवघर की टीम सिमडेगा से भिड़ेगी।

