पलामू: ट्रैफिक नियमों को लेकर पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। नए पुलिस कप्तान के निर्देश पर जिले भर में वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई है, खासकर फोर व्हीलर गाड़ियों में लगे काले (ब्लैक) शीशों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान जिन वाहनों में नियमों के विरुद्ध ब्लैक फिल्म या अत्यधिक गहरे शीशे पाए गए, उन्हें मौके पर ही हटवाया गया। इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हलचल मच गई और कई लोग खुद ही अपने वाहनों से ब्लैक शीशे हटाते नजर आए। चेकिंग के दौरान समाजसेवी राजू तिर्की की गाड़ी भी पुलिस जांच के दायरे में आई। उनके वाहन में लगे ब्लैक शीशे को भी मौके पर ही हटाया गया और उन्हें ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई। इस विशेष अभियान की कमान डीएसपी राजेश कुमार के हाथों में है। उनके साथ शहर थाना प्रभारी, टीओपी प्रभारी और ट्रैफिक इंचार्ज भी पूरी मुस्तैदी के साथ अभियान को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि सड़क सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि खुद की और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

