Breaking
Wed. May 20th, 2026

सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने उड़ाए लाखों के गहने, कदमा में दिनदहाड़े वारदात

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र स्थित कालिंदी रोड में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, हाउस नंबर 15 निवासी लोकेश कुमार सिंह उर्फ “गब्बर” के घर में उस समय चोरी हुई, जब परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम से बाहर थे। गृहस्वामी लोकेश कुमार सिंह, जो बिष्टुपुर थाना में क्रेन ऑपरेटर हैं, शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे के सिलसिले में जुबली पार्क के पास गए हुए थे। उनकी पत्नी टाटा स्टील में ड्यूटी पर थीं और बच्चे ट्यूशन पढ़ने बाहर गए थे। घर पूरी तरह खाली मिलने पर चोरों ने आसानी से घर में प्रवेश कर लिया।

चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर करीब 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इनमें सोने के नेकलेस, कान की बालियां, नाक के झुमके सहित अन्य कीमती गहने शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखे लगभग 25 हजार रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए।

फिलहाल कदमा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई का दावा कर रही है।

Related Post