Breaking
Wed. May 20th, 2026

जाकिरनगर में ईद मिलन समारोह का भव्य आयोजन, आपसी भाईचारे का दिया गया संदेश

जमशेदपुर। जाकिरनगर स्थित आज़ाद मैरिज हॉल में जाकिरनगर शॉपकीपर एसोसिएशन द्वारा ईद मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों, व्यवसायियों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। समारोह का मुख्य उद्देश्य आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वारिस सरवर इमाम (प्रिंसिपल, AKP) थे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में अधिवक्ता पुष्पिंदरा, आज़ाद मैरिज हॉल के संचालक लाल भाई तथा वार्ड संख्या 28 की पार्षद जेबा फरहीन उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता और संचालन सैयद राज़ी नौशाद ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसे मोहम्मद अशफाकुल्लाह (रोशन स्टोर) ने प्रस्तुत किया। इसके बाद एसोसिएशन के सचिव ओजैर हसन (मोना भाई) ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्था की गतिविधियों और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

समारोह के दौरान वक्ता के रूप में कबीर मेमोरियल उर्दू हाई स्कूल के पूर्व प्रधानाध्यापक रिजवान औरंगाबादी ने अपने विचार रखे और समाज में एकता एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

मुख्य अतिथि वारिस सरवर इमाम ने अपने संबोधन में कहा कि ईद के पावन अवसर पर इस तरह का आयोजन बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश जाता है। उन्होंने जाकिरनगर शॉपकीपर एसोसिएशन के सभी सदस्यों और व्यापारियों को इस पहल के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम में अतिथियों को सम्मानित करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किए गए। वारिस सरवर इमाम को रौनक अफरोज खान ने, अधिवक्ता पुष्पिंदरा को अरशद भाई ने, लाल भाई को अफरोज हसन ने तथा पार्षद जेबा फरहीन को ओजैर हसन ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। वहीं, कार्यक्रम के मेज़बान सैयद राज़ी नौशाद को भी ओजैर हसन द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन रौनक अफरोज खान (ब्यूटी वर्ल्ड लेडीज़ कॉर्नर) ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, सदस्यों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर रहमान भाई (राज मोबाइल), अफरोज हसन (टाटा इलेक्ट्रिकल), राशिद अशरफ (फातिमा ट्रेडर्स), मतिनुल हक अंसारी, मुख्तार आलम खान, अब्सर सोहाई (दिलशाद), हाफिज इसरारुल हक, इकबाल भाई, सफदर भाई, ताहिर हुसैन, मास्टर महमूद आलम, भोला प्रसाद, वीरा भाई, डब्ल्यू. कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह का समापन आपसी मुबारकबाद और भाईचारे के संदेश के साथ हुआ, जिसने सभी के दिलों में एक सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण वातावरण का संचार किया।

Related Post