सरायकेला। खरसावां थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बरजूडीह गांव से सटे जंगल में संचालित दो अवैध महुआ शराब भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान पुलिस ने मौके पर बड़ी मात्रा में मौजूद करीब 500 किलो जावा महुआ को भी नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जंगल में छापेमारी की और अवैध शराब निर्माण के ठिकानों को समाप्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि बरजूडीह के जंगल में अवैध रूप से महुआ शराब बनाने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए भट्ठियों को ध्वस्त किया गया और जावा महुआ को नष्ट कर दिया गया।
हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान सभी आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

