Breaking
Sat. May 9th, 2026

जमशेदपुर में शहीदों की याद में निकली अखंड तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

जमशेदपुर। शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को जमशेदपुर में देशभक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला, जब ‘नमन’ संस्था के तत्वावधान में अखंड तिरंगा सह शहीद सम्मान यात्रा का आयोजन किया गया। एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान से प्रारंभ हुई इस भव्य तिरंगा यात्रा में सैकड़ों की संख्या में युवा, महिलाएं, बच्चे और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आगे बढ़ी और पूरे रास्ते ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सह यात्रा के आयोजक अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि आमतौर पर देशवासी 15 अगस्त और 26 जनवरी को तिरंगा फहराते हैं, लेकिन शहीदों की याद में इस तरह की तिरंगा यात्रा निकालना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि 23 मार्च 1931 को शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी दी गई थी, जिसकी याद में हर वर्ष यह यात्रा निकाली जाती है। इस बार शहीद दिवस से एक दिन पहले ही यह आयोजन कर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी गई।

यात्रा में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा, विहिप के जिला अध्यक्ष अरुण सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना, शहीदों के बलिदान को याद रखना और समाज में एकता को मजबूत करना रहा। आयोजकों का मानना है कि आने वाले समय में यह तिरंगा यात्रा विश्व की सबसे बड़ी देशभक्ति यात्रा के रूप में स्थापित होगी।

Related Post