चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत रोरो नदी पर मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत बनने वाले पुल का शिलान्यास मंत्री दीपक बिरुवा ने रविवार को पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर किया।
लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल चाईबासा और सरायकेला जिले को सीधे जोड़ने का काम करेगा।
यह पुल सदर प्रखंड के गाईसूटी पंचायत स्थित कांकी से गिनडीमुंडी जाने वाले मार्ग पर रोरो नदी पर बनाया जाएगा। लंबे समय से क्षेत्र के ग्रामीण इस पुल की मांग कर रहे थे। पुल के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि यह केवल एक पुल नहीं, बल्कि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का उद्देश्य है। उन्होंने पुल निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सतीश सुंडी, मंगल सिंह तियू, मानाराम कुदादा, राजू सुंडी, प्रधान गोप, मनीष सुंडी, मुखिया अनिता तियू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

