Breaking
Tue. Mar 10th, 2026

बार एसोसिएशन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला अधिवक्ताओं का सम्मान

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला बार एसोसिएशन के सभा कक्ष में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला अधिवक्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया और उनके अधिकारों तथा सशक्तिकरण पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बार एसोसिएशन के महासचिव फादर अगस्टिन कुल्लू ने महिला अधिवक्ताओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं परिवार के साथ-साथ अपने कार्यक्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर वे समाज, राज्य और देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था में भी महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो समाज के लिए सकारात्मक संकेत है।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कैसर परवेज सहित अधिवक्ता राजाराम गुप्ता, दुर्योधन गोप, लक्ष्मी सिंकू और किरण बोईपाई ने भी अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि महिला अधिवक्ताएं न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और उनके सम्मान व अधिकारों की रक्षा सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी महिला अधिवक्ताओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश चंद्र महतो, सरकारी वकील पवन शर्मा, किशोर कुमार महतो, गौरांग महतो, विमल पांडे, विमल विश्वकर्मा, मोहित शर्मा, ज्योति महतो, नंदा सिन्हा, मधुमिता मायती, अनामिका गोप, अंजू बान सिंह, मैगी देवगम, रानी कुमारी, सरस्वती दास, लक्ष्मी महतो, बसंती देवगम, तृप्ति खिरवाल सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष अधिवक्ता मौजूद रहे।

Related Post