जमशेदपुर : शहर के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआइ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को पूरे शहर में हड़कंप मच गया। यह धमकी संस्थान को एक अज्ञात ई-मेल के माध्यम से भेजी गई थी। ई-मेल मिलते ही संस्थान प्रबंधन में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।
संस्थान के प्रमुख ने इस संबंध में तत्काल वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष कुमार पांडेय से संपर्क कर धमकी भरे ई-मेल की सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दूबे को पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। कुछ ही देर में पुलिस टीम ने संस्थान के पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
एहतियात के तौर पर एक्सएलआरआइ परिसर को खाली कराया गया। क्लासरूम, हॉस्टल और प्रशासनिक भवनों से छात्रों और कर्मचारियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे कैंपस की सघन तलाशी शुरू की गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
इस मामले में पुलिस की साइबर सेल भी सक्रिय हो गई है और धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि ई-मेल में पाकिस्तान के एक एयरबेस से बम से हमला करने की बात लिखी गई है। प्रारंभिक जांच में यह शरारत या मजाक के तौर पर भेजा गया संदेश प्रतीत हो रहा है, फिर भी पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और जांच पूरी होने तक संस्थान परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

