Breaking
Tue. Mar 10th, 2026

टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मिला लापता नाबालिग, पुलिस ने सकुशल परिजनों को सौंपा

जमशेदपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र से लापता हुआ नाबालिग इस्माइल प्रधान टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मिल गया। लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस व स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मिली जानकारी के अनुसार सीनी ओपी क्षेत्र निवासी इस्माइल प्रधान सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे बिना किसी को बताए साइकिल लेकर घर से निकल गया था। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी और उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान उसकी साइकिल महाली मुरूप रेलवे स्टेशन के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद आशंका जताई जाने लगी कि वह वहां से किसी ट्रेन में बैठकर कहीं चला गया है।

इधर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मौजूद कुछ लोगों को बच्चे संदिग्ध हालात में देखने पर शक हुआ तो उन्होंने उससे पूछताछ की। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वह सीनी क्षेत्र का रहने वाला है। इसके बाद सतर्क लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दे दी।

सूचना मिलते ही सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे और बच्चे को अपने संरक्षण में ले लिया। इसके बाद देर रात उसे सरायकेला लाया गया, जहां आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि घर में किसी बात को लेकर डांट-फटकार मिलने से नाराज होकर इस्माइल घर से निकल गया था। हालांकि समय रहते लोगों की सतर्कता और पुलिस की सक्रियता से बच्चे को सुरक्षित ढूंढ लिया गया।

Related Post