जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव के सुनसान इलाके में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने खेत में एक अज्ञात महिला का अधजला शव देखा। सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का शव बुरी तरह जला हुआ था। उसके शरीर का ऊपरी हिस्सा, चेहरा, जांघ और गुप्तांग गंभीर रूप से झुलसे हुए पाए गए। शव पर गुलाबी रंग का पजामा था, जो आधा जला हुआ मिला। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और बाद में पहचान छिपाने तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को रामपुर के सुनसान इलाके में लाकर ज्वलनशील पदार्थ से आग के हवाले कर दिया गया।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। घटनास्थल से कुछ जले हुए कपड़ों के टुकड़े और राख के अवशेष भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला की उम्र कितनी थी, हालांकि अनुमानतः उसकी आयु 20 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि महिला की मौत जलने से हुई या पहले हत्या कर शव को जलाया गया।
इस मामले में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध हत्या, साक्ष्य छुपाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के थानों से भी हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है, ताकि शव की पहचान की जा सके। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई इस महिला को पहचानता हो या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता हो तो अविलंब कोवाली थाना से संपर्क करें।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर शव मिला है, वह इलाका काफी सुनसान रहता है और रात के समय वहां आवाजाही लगभग नहीं के बराबर होती है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

