Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

नए थाना प्रभारी की सख्ती से फरार आरोपी गिरफ्तार, जुगसलाई में पुलिस की कार्रवाई से बढ़ा भरोसा

जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अपराधी मनीष सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में नई सक्रियता देखने को मिल रही है। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने के कारण जुगसलाई के तत्कालीन थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार को एसएसपी पीयूष पांडेय ने निलंबित कर दिया था। इस कार्रवाई के बाद थाना की जिम्मेदारी ग़ुलाम रब्बानी खा को सौंपी गई।

पदभार ग्रहण करने के बाद नए थाना प्रभारी ने फरार आरोपी की धरपकड़ को प्राथमिकता दी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पारडीह स्थित गोल्डन लीफ रिसोर्ट में छापेमारी की, जहां मनीष सिंह छिपकर रह रहा था। पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि कुछ हलकों में इसे आत्मसमर्पण बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यह गिरफ्तारी सुनियोजित कार्रवाई का परिणाम है, क्योंकि आरोपी थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण नहीं किया था।

गिरफ्तारी की खबर मिलते ही स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में राहत का माहौल है। लंबे समय से क्षेत्र में उसकी गतिविधियों को लेकर असंतोष था। नए थाना प्रभारी की त्वरित कार्रवाई से यह संकेत गया है कि जुगसलाई में अपराध और रंगदारी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया जाएगा।

फिलहाल पुलिस मनीष सिंह से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Post