चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित मंझारी थाना क्षेत्र के भरभरिया गांव स्थित टोली दूंकूसाई में 18 वर्षीय जानकी माई चातर की जहर खाने से मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, जानकी माई चातर ने गुरुवार को अचानक जहर खा लिया।
जहर खाने के कुछ ही देर बाद उसे उल्टी होने लगी। परिजन तत्काल उसे मंझारी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान दोपहर करीब 1 बजे उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकी के चाचा बामा चातर ने बताया कि पिछले लगभग सात दिनों से जानकी घर से बाहर थी। परिवार को आशंका थी कि उसने कहीं शादी कर ली है। इसी बीच उड़ीसा राज्य के मयूरभंज जिला के बाहोरदा थाना क्षेत्र अंतर्गत अहरदा गांव के मधु मार्डी ने बताया कि उसकी जानकी से शादी नहीं हुई थी। उसके अनुसार दोनों के बीच केवल बातचीत होती थी।
मधु मार्डी ने बताया कि उसकी भाभी गुरुबारी मार्डी ने गांव में पर्व होने की बात कहकर जानकी को बुलाया था। वह वहां आई थी। बाद में जानकी ने केरल जाकर काम करने की इच्छा जताई और उसे पहुंचाने की बात कही। इसी दौरान वह यहां आई और जहर पी लिया। मधु मार्डी ने कहा कि घटना कैसे हुई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

