Breaking
Fri. Feb 20th, 2026

गुड़ाबांदा में हाथी के हमले से वृद्धा की मौत, गांव में दहशत का माहौल

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत बेनागाड़िया गांव में जंगली हाथी के हमले में घायल 68 वर्षीय चंपा हेंब्रम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में भय का वातावरण बना हुआ है।

बताया जाता है कि मुसाबनी वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेनागाड़िया गांव की निवासी चंपा हेंब्रम गुरुवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे घर से बाहर शौच के लिए निकली थीं। इसी दौरान उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। अचानक सामने आए हाथी को देखकर वह भागने लगीं, लेकिन हाथी ने उन्हें पकड़कर पटक दिया। हमले में उनका एक पैर बुरी तरह जख्मी हो गया और शरीर पर भी गंभीर चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी गांव पहुंची और परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ओडिशा के बारीपादा रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से इलाके में एक हाथी घूम रहा है, जिससे लोग दहशत में हैं। सुबह और शाम घर से बाहर निकलने में भी भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथी को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ा जाए और क्षेत्र में नियमित गश्त कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Related Post