Breaking
Fri. Feb 20th, 2026

खूंटपानी प्रखंड में प्रशासनिक आवासों का गृह प्रवेश, कर्मचारियों को मिली बड़ी राहत

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड मुख्यालय परिसर में गुरुवार को नव-निर्मित प्रशासनिक आवासों का विधिवत गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी के सरकारी आवास के साथ-साथ पर्यवेक्षीय कर्मियों तथा तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों के लिए बनाए गए आवासों को औपचारिक रूप से उपयोग के लिए समर्पित किया गया।

समारोह का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, जिला परिषद सदस्य यमुना तियू, विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाड़ेया, प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसोरा, बीडीओ धनंजय पाठक एवं अंचलाधिकारी फुलेश्वर साव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय दिउरी द्वारा पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के अनुसार पूजा-अर्चना से हुई, जिससे आयोजन को सांस्कृतिक गरिमा भी मिली।

कार्यक्रम में बताया गया कि इन आवासीय भवनों के निर्माण पर कुल 5 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपये की लागत आई है। लंबे समय से प्रखंड मुख्यालय में आवासीय सुविधा का अभाव था, जिसके कारण अंचल और प्रखंड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चाईबासा से प्रतिदिन आवागमन करना पड़ता था। इससे न केवल समय की हानि होती थी, बल्कि प्रशासनिक कार्यों की गति भी प्रभावित होती थी।

उल्लेखनीय है कि इन भवनों का उद्घाटन पूर्व में 15 नवंबर को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया था। अब गृह प्रवेश के साथ ही आवासों का वास्तविक उपयोग प्रारंभ हो गया है। प्रखंड मुख्यालय परिसर में ही आवास उपलब्ध होने से अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य निष्पादन में सहूलियत मिलेगी तथा क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है।

समारोह में जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलखो, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी बबलू माझी, पशुपालन पदाधिकारी मुकेश कुमार सिंह, सीआई पवन तिर्की, समाजसेवी बिरसा तियू, उदय मुंडारी, कोना पुरती, आशेष कुमार समेत अंचल एवं प्रखंड के अनेक कर्मी उपस्थित रहे।

Related Post