जमशेदपुर। नगर निकाय चुनाव को लेकर झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी राजनीतिक रणनीति साफ कर दी है। गुरुवार को जमशेदपुर स्थित जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल ने राज्यभर के विभिन्न नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों के लिए मेयर व अध्यक्ष पद के अधिकृत समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी की। उन्होंने कहा कि सभी नाम केंद्रीय कमिटी की सहमति से घोषित किए गए हैं और संगठन पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा।
जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में मानगो नगर निगम से लक्की सिंह, जुगसलाई नगर परिषद से डॉली मल्लिक और चाकुलिया नगर पंचायत से सोमबारी सोरेन को पार्टी का समर्थन मिला है। जुगसलाई सीट को लेकर खास राजनीतिक हलचल है, क्योंकि यहां झामुमो नेता मानिक मल्लिक की पत्नी डॉली मल्लिक को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि इसी सीट से झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान की पत्नी नौशीन खान भी चुनावी मैदान में हैं। पार्टी ने नौशीन खान को अधिकृत समर्थन नहीं दिया है, जिससे स्थानीय स्तर पर सियासी समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
राज्य के अन्य प्रमुख निकायों में रांची से सुजीत विजय आनंद कुजूर, धनबाद से शेखर अग्रवाल, देवघर से रवि कुमार राउत, हजारीबाग से विकास राणा, गिरिडीह से प्रमिला मेहरा, मेदिनीनगर से पूनम सिंह, चक्रधरपुर से सनी उरांव, चाईबासा से नितिन प्रकाश, गुमला से हर्षिता टोप्पो, रामगढ़ से रेणु कुमारी, साहेबगंज से रामनाथ पासवान, पाकुड़ से श्रेणा सुल्ताना, लोहरदगा से बालमुकुंद लोहार और सरायकेला से मनोज चौधरी समेत कई नाम शामिल हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी नेताओं ने जेबा कादरी द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि टिकट वितरण पूरी पारदर्शिता और संगठनात्मक सर्वसम्मति से हुआ है। झामुमो की यह सूची संकेत देती है कि पार्टी सामाजिक समीकरण, स्थानीय नेतृत्व और संगठनात्मक निष्ठा को प्राथमिकता देकर शहरी निकायों में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

