जमशेदपुर। एक्सएलआरआइ (जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट) ने एक बार फिर देश के शीर्ष प्रबंधन संस्थानों में अपनी मजबूत स्थिति मंगलवार को साबित की है। एक्सएलआरआइ जमशेदपुर और एक्सएलआरआइ दिल्ली-एनसीआर के दो वर्षीय पीजीडीएम (बिजनेस मैनेजमेंट) और पीजीडीएम (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट) प्रोग्राम के 2024-26 बैच की फाइनल प्लेसमेंट प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। इस प्लेसमेंट सीजन में 576 छात्रों को कुल 578 जॉब ऑफर्स मिले, जिनमें 576 घरेलू और दो अंतरराष्ट्रीय ऑफर्स शामिल हैं।
प्लेसमेंट प्रक्रिया में कुल 145 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें 25 कंपनियां पहली बार एक्सएलआरआइ के साथ जुड़ीं। छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लगभग 42.5 प्रतिशत छात्रों को समर इंटर्नशिप के आधार पर ही प्री-प्लेसमेंट ऑफर्स मिल गए थे।
वेतन पैकेज के मामले में भी इस वर्ष उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली। पूरे बैच का औसत वेतन 31.40 लाख रुपये प्रति वर्ष रहा, जबकि मीडियन वेतन 29 लाख रुपये दर्ज किया गया। टॉप 10 प्रतिशत छात्रों का औसत पैकेज 49.2 लाख रुपये और टॉप 25 प्रतिशत छात्रों का औसत पैकेज 44.18 लाख रुपये रहा। सबसे ऊंचा अंतरराष्ट्रीय पैकेज 1.10 करोड़ रुपये प्रति वर्ष और घरेलू स्तर पर अधिकतम पैकेज 59 लाख रुपये प्रति वर्ष रहा।
सेक्टरवार देखें तो कंसल्टिंग क्षेत्र का दबदबा सबसे अधिक रहा, जहां से कुल 36 प्रतिशत ऑफर्स आए। इसके बाद बीएफएसआई, आईटीईएस और सेल्स एंड मार्केटिंग प्रमुख क्षेत्र रहे। एक्सेंचर, बीसीजी, डेलॉइट, ईवाई, एचयूएल, आईटीसी, अमेजन और कोटक महिंद्रा बैंक जैसी दिग्गज कंपनियों ने बड़ी संख्या में छात्रों का चयन किया।
इस उपलब्धि पर एक्सएलआरआइ के डायरेक्टर फादर एस. जॉर्ज ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य नैतिक और जिम्मेदार कॉर्पोरेट लीडर तैयार करना है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण जॉब मार्केट में यह प्लेसमेंट सफलता इस बात का प्रमाण है कि एक्सएलआरआइ के छात्र बदलते बिजनेस माहौल में नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

