Breaking
Wed. Feb 11th, 2026

तैमारा घाटी के पास खाली ट्रक में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे चालक-खलासी

*रांची*: राजधानी रांची से सटे दशम फॉल थाना क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रांची-टाटा एनएच-33 मार्ग पर तैमारा घाटी के पास सड़क किनारे खड़े एक खाली ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। तेज लपटों और धुएं के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

थाना प्रभारी प्रशांत गौरव ने बताया कि ट्रक (संख्या UP66T-7192) जमशेदपुर से रांची की ओर जा रहा था। चालक और खलासी तैमारा घाटी स्थित एक लाइन होटल पर भोजन करने के लिए ट्रक खड़ा कर नीचे उतरे थे। इसी दौरान ट्रक के केबिन से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

राहत की बात यह रही कि ट्रक खाली था और चालक-खलासी वाहन से बाहर थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने अपील की है कि वाहन चालक लंबी दूरी की यात्रा से पहले अपने वाहनों की नियमित जांच अवश्य कराएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Related Post