Breaking
Sun. Feb 8th, 2026

ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ में आरपीएफ को सफलता, ट्रेन से चोरी के आरोपी को दबोचा

रांची। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ट्रेन में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से आरपीएफ रांची द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन “यात्री सुरक्षा” के तहत एक अहम सफलता मिली है। आरपीएफ रांची के कमांडेंट श्री पवन कुमार के निर्देशानुसार TOPB (ट्रेन ओन बोर्ड प्रिवेंशन) मामलों की रोकथाम के लिए एएसआई बलराम कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

इसी क्रम में आरपीएफ पोस्ट रांची और डिविजनल TOPB टीम द्वारा रांची रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान ट्रेन संख्या 18611 रांची–बनारस एक्सप्रेस से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और पहचान के बाद उक्त व्यक्ति का नाम शंकर रवानी, उम्र लगभग 46 वर्ष, निवासी डोरंडा, रांची पाया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से वुडलैंड कंपनी का एक पर्स, ₹850 नकद, एक पैन कार्ड और एक डेबिट कार्ड बरामद किया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने ट्रेन के एक यात्री का पर्स चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को बरामद सामान के साथ जीआरपी रांची को सौंप दिया गया, जहां उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2)/317(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।

इस सराहनीय कार्रवाई में एएसआई बलराम कुमार के साथ आरपीएफ कर्मी शंकर कुमार, दिनेश कुमार, डिविजनल TOPB टीम के डी. के. जिटरवाल, तथा आरपीएफ पोस्ट रांची के डी. के. मीणा और मुकेश प्रसाद का विशेष योगदान रहा। आरपीएफ की इस तत्पर कार्रवाई से यात्रियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।

Related Post