Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

तीन दिन में दो चोरी का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में लगातार हुई दो चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। भुइयांडीह स्थित छायानगर ह्यूमपाइप इलाके में तीन दिनों के भीतर एक गैरेज और एक फर्नीचर दुकान को निशाना बनाया गया था। दोनों मामलों में दर्ज प्राथमिकी के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने ह्यूमपाइप इंद्रानगर के रहने वाले गुर्जर भुइयां, गौरव भुइयां उर्फ चोटी भुइयां, घोल्टू भुइयां, सोनू भुइयां और गणेश भुइयां को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया।

शनिवार को डीएसपी भोला प्रसाद ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी पुराने अपराधी हैं और इनके खिलाफ चोरी, लूट, गृहभेदन तथा गाड़ियों के तार काटने जैसे कई मामले पहले से दर्ज हैं। सभी आरोपी पूर्व में जेल जा चुके हैं और दो-तीन माह पहले ही छूटने के बाद फिर से चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगे थे।

पुलिस के अनुसार गिरोह सुनसान जगहों और बंद प्रतिष्ठानों को निशाना बनाता था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Post