Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

उधार के 2 हजार रुपए नहीं कर था वापस तो कर दी दोस्त ने ह’त्या, आरोपी गिरफ्तार

रांची :* रांची के रातू थाना क्षेत्र के नयाटोली सिमलिया स्थित एक्सिलेंट पब्लिक स्कूल के पास 23 जनवरी की रात हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक के करीबी दोस्त को ही पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान डेविड कुजुर उर्फ आलोक कुजुर के तौर पर की गई है। वह गुमला के डुमरी थाना क्षेत्र के नावागेन का रहने वाला था। वह पिछले दो माह से नयाटोली में किराये के मकान में रहकर मजदूरी का काम कर रहा था।

घटना के बाद एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर की निगरानी में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। डीएसपी (मुख्यालय) द्वितीय के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नयाटोली निवासी अजय लिंडा को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी अजय लिंडा ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि डेविड से उसकी दोस्ती काम के दौरान हुई थी। दोनों साथ रहते और साथ ही खाना-पीना करते थे। पुलिस को दिए अपने बयान में आरोपी ने खुलासा किया कि डेविड ने उससे 2 हजार रुपये उधार लिए थे। बाद में पैसे मांगने पर वह टालमटोल करने लगा। दोबारा पैसे मांगने पर दोनों के बीच विवाद हुआ और मारपीट भी हुई। इसी रंजिश में आरोपी ने हत्या की योजना बनाई।

23 जनवरी की शाम आरोपी डेविड के कमरे पर पहुंचा और उसे शराब पीने के लिए तैयार किया। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। देर रात डेविड के नशे में होने पर आरोपी उसे बाहर टहलने के बहाने ले गया। स्कूल के पास सड़क किनारे पेशाब के दौरान आरोपी ने लकड़ी के पटरे से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त करीब तीन फीट लंबा लकड़ी का पटरा, घटना के समय पहने कपड़े हाफ पैंट और टी-शर्ट बरामद किए हैं।

छापामारी दल में डीएसपी अरविंद कुमार, रातू थाना प्रभारी राम नारायण सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

Related Post