चतरा : चतरा पुलिस को अपराधियों और उग्रवादियों के गठजोड़ के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हण्टरगंज थाना पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर टीएसपीसी (TSPC) के एक कुख्यात पूर्व नक्सली सदस्य समेत तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी किसी बड़ी हिंसक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। गिरफ्तार उग्रवादी पूर्व में हरेंद्र गंजू के दस्ते में रहकर कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। हण्टरगंज पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे गिरोह को करारा झटका लगा है। मामला हण्टरगंज थाना क्षेत्र के खुटी केवाल खुर्द गांव का है। पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं। चतरा एसपी के निर्देश पर सीडीपीओ संदीप कुमार सुमन के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस की टीम ने जब घेराबंदी की, तो एक ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हें जवानों ने खदेड़कर धर दबोचा।तलाशी के दौरान अपराधियों के पास से जरायम की दुनिया का काला सामान मिला। मिथुन कुमार की कमर से एक लोडेड देशी कट्टा बरामद हुआ, जबकि सोनू पासवान के पास से जिंदा कारतूस मिले। जब पुलिस ने उनकी अपाचे बाइक की जांच की, तो पता चला कि यह गाड़ी जोरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। गिरफ्तार अपराधियों में सबसे खतरनाक नाम मिथुन कुमार का है। सीडीपीओ संदीप सुमन ने बताया कि मिथुन कुमार प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के हरेंद्र गंजू दस्ते का सक्रिय सदस्य रह चुका है। यह वही नक्सली है जिसने हण्टरगंज थाना क्षेत्र में विकास कार्यों में लगी मशीनों और वाहनों को आग के हवाले करने में मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके ऊपर लेवी वसूली और आगजनी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं।हमें सूचना मिली थी कि हथियारबंद अपराधी खुटी केवाल खुर्द में एकत्रित हुए हैं। मिथुन कुमार का लंबा नक्सली इतिहास रहा है, वह हरेंद्र गंजू दस्ते का सदस्य था और आगजनी की कई घटनाओं में शामिल था। इनके पास से कट्टा, गोली और चोरी की बाइक मिली है। ये लोग किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से जुटे थे। सोनू पासवान पर डकैती और बादल गुप्ता पर चोरी के पुराने मामले हैं। पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ हण्टरगंज थाना में कांड संख्या 15/26 के तहत BNS और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। चतरा पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अपराधी चाहे नक्सली बैकग्राउंड का हो या पेशेवर अपराधी, प्रशासन की पैनी नजर से बच नहीं सकता। फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इनके तार और किन-किन गिरोहों से जुड़े हैं।
हण्टरगंज में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम: TSPC का खूंखार पूर्व नक्सली अपने दो साथियों संग गिरफ्तार

