राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत के रुतडीह गांव में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय महिला सुबोला सरदार की मौत हो गई। घर में अचानक आग लगने की इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे सुबोला सरदार अपने परिवार के साथ घर में सो रही थीं। घर में मिट्टी तेल की डिबरी जल रही थी, इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों में घिरने से सुबोला सरदार गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद रुतडीह गांव में मातम पसरा हुआ है।

