जमशेदपुर। उद्यमी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण जैसे बेहद गंभीर मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा एसएसपी कार्यालय के समक्ष किया गया प्रदर्शन निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। शनिवार को कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि इसे ओछी राजनीति बताते हुए कहा कि इस तरह के अनावश्यक राजनीतिक प्रदर्शन से न तो पीड़ित परिवार को राहत मिलती है और न ही अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिलती है, बल्कि यह पुलिस की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच को प्रभावित करने का प्रयास है।
आनन्द बिहारी दुबे ने कहा कि अपहरण की घटना अपने आप में अत्यंत संवेदनशील है और इस समय प्राथमिकता कैरव गांधी की सुरक्षित बरामदगी होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में पूरी सक्रियता से काम कर रही है और जांच का दायरा बिहार के हाजीपुर गैंग से लेकर अंतरराष्ट्रीय अपराधियों तक फैलाया जा चुका है। एसआईटी द्वारा सीसीटीवी फुटेज, फर्जी पुलिस बोर्ड लगी गाड़ियों और फिरौती मांगने वाले तत्वों की गहन जांच की जा रही है। ऐसे में पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाकर प्रदर्शन करना जनता को गुमराह करने की साजिश के अलावा कुछ नहीं है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा कानून-व्यवस्था के समर्थन में खड़ी रही है और राजनीतिक स्टंट के बजाय जिम्मेदार रवैये की पक्षधर है। उन्होंने भाजपा से अपील की कि वह सड़क जाम और प्रदर्शन के जरिए राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करने के बजाय अपराधियों को पकड़ने में प्रशासन का सहयोग करे। यह घटना झारखंड की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने का माध्यम नहीं, बल्कि अपराधियों को कठोर सजा दिलाने का अवसर है।
आनन्द बिहारी दुबे ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और कैरव गांधी की सुरक्षित बरामदगी के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देती है। उन्होंने सरकार से विशेष जांच दल को और अधिक सशक्त बनाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अंत में उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर सामाजिक न्याय और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना ही कांग्रेस का संकल्प है।

