जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात नियमों के सख्त अनुपालन, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान सहित अन्य संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल जी आनंद, एडीसी संतोष गर्ग, डीटीओ धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीएसपी ट्रैफिक नीरज, डीएसपी मुख्यालय भोला प्रसाद, एमवीआई सूरज हेंब्रम सहित अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सड़क दुर्घटनाओं में चालकों की लापरवाही को अत्यंत चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि नागरिक यातायात नियमों का पालन केवल कार्रवाई के डर से नहीं बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए करें। बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार दिसंबर माह में जिले में कुल 34 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 20 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। इनमें लगभग 75 प्रतिशत मौतें चालकों की लापरवाही के कारण हुईं। विशेष रूप से बाइक चलाते समय हेल्मेट का प्रयोग न करना प्रमुख कारण रहा, जिससे 16 लोगों की जान चली गई। इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और ड्रिंक एंड ड्राइव भी दुर्घटनाओं के अहम कारण बने।
कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि पूर्व में चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में दिसंबर माह के दौरान कोई सड़क दुर्घटना नहीं हुई, जो एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों को और व्यापक स्तर पर ले जाने का निर्देश दिया। खासकर स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने तथा ट्रैफिक पुलिस को सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मोटर वाहन निरीक्षकों को ग्रामीण थाना क्षेत्रों में भी निरंतर वाहन जांच अभियान संचालित करने को कहा गया।
बैठक में उत्पाद विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लाइसेंसी शराब दुकानों के आसपास होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थलों और गैर-लाइसेंसी स्थानों पर शराब सेवन एवं बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाए। कर्ण सत्यार्थी ने हिट एंड रन के लंबित मामलों की भी समीक्षा करते हुए इंश्योरेंस कंपनियों के पास लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा कर प्रभावित परिवारों को मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
दिसंबर माह में यातायात नियमों की अवहेलना पर कड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान 351 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किए गए। हेल्मेट और सीटबेल्ट का प्रयोग न करने सहित अन्य यातायात उल्लंघनों पर कुल 23 लाख 81 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसी अवधि में 2689 नए ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए, जिनमें 2264 पुरुष और 425 महिलाएं शामिल हैं।

