Breaking
Thu. Feb 5th, 2026

ओएचई तार में फंसा लाल कपड़ा, बड़ा रेल हादसा टला

जमशेदपुर।मंगलवार को बादामपहाड़ से टाटानगर आ रही पैसेंजर ट्रेन एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। परसुडीह के मकदमपुर फाटक के समीप तकनीकी समस्या के कारण ट्रेन को घंटों रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन के ऊपर लगे ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) तार में लाल रंग का एक बड़ा कपड़ा फंसा हुआ नजर आया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए लोको पायलट ने झारखंड नगर के पास ही सतर्कता बरतते हुए ट्रेन रोक दी और तत्काल इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी। लोको पायलट ने बताया कि यदि ट्रेन को आगे बढ़ाया जाता तो पैंटोग्राफ के गिरने का खतरा था, जिससे ट्रेन पूरी तरह ठप होने के साथ-साथ बड़ा तकनीकी नुकसान और दुर्घटना भी हो सकती थी। समय पर निर्णय लेकर ट्रेन रोक दिए जाने से एक बड़े हादसे को टाल लिया गया।

हालांकि, ट्रेन के लंबे समय तक एक ही स्थान पर खड़ी रहने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। गर्मी और असुविधा से परेशान कई यात्री ट्रेन से उतरकर पैदल ही अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। इस दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किसी शरारती तत्व या बच्चों द्वारा कपड़े को पत्थर से बांधकर ओएचई तार में फेंका गया होगा, जिससे यह बिजली के तार में फंस गया। सूचना मिलते ही रेलवे के संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके के लिए रवाना हो गए। ओएचई से कपड़ा हटाए जाने के बाद ही ट्रेन परिचालन सामान्य होने की संभावना जताई जा रही है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

Related Post