गम्हरिया। सरायकेला खरसावां जिला स्थित गम्हरिया रेलवे स्टेशन से करीब 100 मीटर दूर थर्ड एंड अप लाइन पर पोल संख्या 259/15-17 के बीच झाड़ियों में शनिवार को एक अज्ञात महिला की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसमें कीड़े लग चुके थे और तेज दुर्गंध आ रही थी। जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे ट्रैकमैन को झाड़ियों से दुर्गंध आने पर शक हुआ। जब उसने पास जाकर देखा तो वहां महिला का शव पड़ा था।
मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह कई दिनों पुराना है और संभवतः महिला की हत्या कर शव को सुनसान रेलवे क्षेत्र में फेंक दिया गया है ताकि साक्ष्य छिपाया जा सके। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोग आशंका जता रहे हैं कि गम्हरिया थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की सुस्त कार्रवाई के कारण हत्या जैसी वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान, हत्या की वजह और दोषियों का पता लगाने के लिए आसपास के थानों से भी संपर्क साधा जा रहा है।

