Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

जादू-टोना के शक में दो महिलाओं की हत्या, शव गाड़े गए; ग्रामीण एसपी राहुल शर्मा के नेतृत्व में पांच आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र के पारूलिया गांव स्थित श्रीमतडीह टोला में जादू-टोना के शक में दो महिलाओं की गला दबाकर हत्या कर दी गई और उनके शवों को गांव से दूर गड्ढे में दफना दिया गया। इस हृदयविदारक घटना का खुलासा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने किया। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

घटना की शुरुआत 26 अप्रैल को हुई थी, जब गांव के ही सोमा बोदरा की दस वर्षीय बेटी श्रीदेवी बोदरा की मौत हो गई। परिजनों को शक था कि उसकी मृत्यु जादू-टोना से हुई है, जिसके लिए उन्होंने गांव की दो महिलाओं—पंगेला पूर्ती (पति स्व. सोमा पूर्ती) और चोको बोदरा (पति स्व. जमादार बोदरा)—को जिम्मेदार ठहराया।

14 मई की शाम करीब 7 बजे, कुछ ग्रामीणों ने साजिश के तहत दोनों महिलाओं की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शवों को गांव से लगभग 500 मीटर दूर एक गड्ढे में दफनाया गया और ऊपर से मिट्टी और पत्थर डालकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई।

ग्रामीण एसपी के आदेश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, घाटशिला के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डिबरू हांसदा, सोमा बोदरा, मागु हांसदा, चोटका बोदरा और सांडिल पूर्ती को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने घटनास्थल से चार कुदाल, एक सबल और एक गैता बरामद किया है, जिसका उपयोग शवों को दफनाने में किया गया था। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Related Post