लातेहार : बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत हुकामाड़ पंचायत के निवासी संयोगा देवी ने अपने मनरेगा मजदूर पति स्व लालमन भुइँया की मुआवजे की मांग को लेकर शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता कन्हाई सिंह के अगुवाई में दर्जनों ग्रामीणों के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंच कर प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्त्ता कन्हाई सिंह ने बताया कि हुकामाड़ निवासी मनरेगा मजदूर स्व लालमन भुइँया की मृत्यु 13 मार्च को हो गई थी। जिसकी मुआवजे की मांग को लेकर मार्च माह में ही प्रखंड कार्यालय आवेदन दे दिया गया था।
लेकिन, जिला व प्रखंड के अधिकारियों की लापरवाही के कारण 6 माह बीत जाने में बाद भी मनरेगा मजदूर स्व लालमन भुइँया की पत्नी संयोगा देवी को मुआवजे की राशि नहीं मिली जो अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है।
वहीं सामाजिक कार्यकर्ता कन्हाई सिंह ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर 15 दिन में स्व लालमन भुइँया की पत्नी को मुआवजे की राशि नही मिलती है तो हम सभी लोग प्रखंड कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय ने कहा कि आवेदन को समय से जिला भेज दिया गया था। लेकिन कुछ टेक्निकल परेशानी के कारण मुआवजे की राशि नही मिल पाई।
उन्होंने कहाँ की अब टेक्निकल परेशानी दूर हो गई है 15 दिन से पहले इनको मुआवजे की राशि दे दीजाएगी। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा की मुआवजे की राशि के साथ-साथ पारिवारिक लाभ के तहत भी इन्हें लगभग 20 हजार रुपये दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्व लालमन भुइँया का जाति प्रमाण पत्र व आवासीय प्रणाम पत्र कार्यालय में जमा कर दें। जिसके बाद पारिवारिक लाग के तहत जो राशि है उसे देने में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो।
वहीं मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता कन्हाई सिंह, देवली देवी, मानती देवी, चुरिया देवी, पंकज राम, सुनेश्वर सिंह, विशाल सिंह, जीतन सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।

