Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

बिरसानगर जोन-5 से टेल्को जाने वाले रास्ते पर गेट लगाने का विरोध, बस्तीवासियों के दबाव में पीछे हटा कंपनी प्रबंधन

जमशेदपुर। बिरसानगर जोन नंबर-5 से तार कंपनी और टेल्को जाने वाले मुख्य रास्ते को बंद कर गेट लगाने की कोशिश के खिलाफ शुक्रवार को स्थानीय बस्तीवासियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बस्ती के समाजसेवी रवि सिंह चंदेल के नेतृत्व में सैकड़ों महिला-पुरुष मौके पर पहुंचे और कंपनी के इस कदम पर कड़ी आपत्ति जताते हुए रास्ते को बंद नहीं करने की मांग की। विरोध के दौरान बस्तीवासियों ने निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को काम करने से रोक दिया।

स्थानीय लोगों का कहना था कि यह रास्ता वर्षों पुराना है और बस्ती के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख माध्यम है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में लोग तार कंपनी और टेल्को की ओर आते-जाते हैं। ऐसे में रास्ते पर गेट लगा देने से लोगों की आवाजाही बाधित होगी और उन्हें रोजमर्रा के कामों के लिए परेशानी उठानी पड़ेगी। बस्तीवासियों ने स्पष्ट किया कि आम लोगों के इस्तेमाल में आने वाले इस रास्ते को किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं होने दिया जाएगा।

मौके पर पहुंचे रवि सिंह चंदेल ने कंपनी प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी सूरत में यहां गेट नहीं लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बस्ती के लोगों के हितों और उनकी सुविधाओं की अनदेखी कर कोई भी निर्णय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्षों से इस्तेमाल हो रहे रास्ते को बंद करने से पहले स्थानीय निवासियों की समस्याओं और जरूरतों को समझना जरूरी है।

बस्तीवासियों के कड़े विरोध के बाद कंपनी प्रबंधन को अपने कदम पीछे खींचने पड़े। बातचीत के बाद संबंधित स्थल पर गेट नहीं लगाने पर सहमति बनी। साथ ही चारदीवारी निर्माण समेत अन्य कार्यों को लेकर आगे की कार्रवाई बस्तीवासियों के साथ विचार-विमर्श और उनकी सहमति के आधार पर तय करने की बात कही गई।

रवि सिंह चंदेल ने बताया कि इस मामले में बस्तीवासियों की एक समिति गठित कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी लोगों की राय लेकर ही चारदीवारी निर्माण से जुड़े मुद्दों पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल गेट लगाने का मामला टल गया है। विरोध प्रदर्शन में शामिल बस्तीवासियों ने एक स्वर में कहा कि बस्ती के हितों और आम लोगों की आवाजाही से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Post