जमशेदपुर। खासमहल के कुंडू भवन के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 46 वर्षीय मोहम्मद मिस्टर की इलाज के लिए कोलकाता ले जाने के दौरान मौत हो गई। सोमवार देर रात करीब तीन बजे रास्ते में उन्होंने अंतिम सांस ली। हादसे में उनके सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद से परिवार के लोग उन्हें बचाने की कोशिश में जुटे थे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद मिस्टर शनिवार को करनडीह से किताडीह स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान खासमहल में कुंडू भवन के पास उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शनिवार दोपहर करीब 2:45 बजे परिजनों को फोन पर हादसे की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायल मोहम्मद मिस्टर को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया।
टीएमएच में इलाज के बावजूद उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज की उम्मीद में कोलकाता ले जाने का फैसला किया। परिवार के लोग उन्हें लेकर कोलकाता जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी पता नहीं चल पाया है कि मोहम्मद मिस्टर की स्कूटी किस वाहन की चपेट में आई थी। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जाता है कि वह परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनके पीछे एक बेटा और एक बेटी हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से बच्चों और अन्य परिजनों के सामने दुख के साथ-साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।

