Breaking
Tue. Oct 20th, 2026

सर्विस रोड पर स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, ट्रक चालक की मौत

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसे में स्कूटी सवार ट्रक चालक रविंद्र प्रसाद शर्मा उर्फ लाल जी की मौत हो गई। केसरदा हाई स्कूल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-18 के सर्विस रोड पर उनकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल रविंद्र प्रसाद को हाईवे पेट्रोलिंग वाहन की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, बहरागोड़ा के पाटपुर निवासी रविंद्र प्रसाद शर्मा किसी निजी काम से मुड़ाकाटि चौक स्थित एक होटल जा रहे थे। इसी दौरान केसरदा हाई स्कूल के पास सर्विस रोड पर उनकी स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर से जा टकराई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर हाईवे पेट्रोलिंग वाहन की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बहरागोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

रविंद्र प्रसाद शर्मा की अचानक हुई मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

Related Post