जमशेदपुर। आदित्यपुर निवासी विक्की नंदी की हत्या की कथित साजिश का जमशेदपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया रोड नंबर 14 के पास छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के पास से दो देसी सेमी ऑटोमेटिक पिस्तौल, 19 जिंदा गोलियां और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है। रविवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी पुरानी रंजिश के कारण विक्की नंदी को निशाना बनाने की कथित योजना बना रहे थे। पुलिस की समय पर कार्रवाई से संभावित वारदात को टाल दिया गया।
सिटी एसपी के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक कदमा के फार्म एरिया रोड नंबर 14 के पास हथियारों के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम जब फार्म एरिया स्थित मैदान के पास पहुंची, तो वहां चार युवक एक साथ बैठे मिले। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और गोलियां बरामद हुईं।
पुरानी रंजिश में बदला लेने की थी योजना
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में विक्की नंदी की हत्या की कथित साजिश से जुड़ी जानकारी सामने आई है। बताया गया कि कुछ दिन पहले शक्ति बिमर का विक्की नंदी से विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर बदला लेने की योजना बनाई थी। पुलिस इस मामले में साजिश के अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी निरुद्ध
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कदमा के शास्त्रीनगर निवासी शक्ति बिमर (25), सोनारी के मरारपाड़ा निवासी धीरज पटेल उर्फ बीरी (करीब 25) और चेतन ठाकुर (करीब 21) के रूप में हुई है। इनके साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, शक्ति बिमर के पास से एक देसी सेमी ऑटोमेटिक पिस्तौल और छह जिंदा गोलियां, धीरज पटेल के पास से एक पिस्तौल, छह गोलियां और एक स्मार्टफोन बरामद हुआ। वहीं, चेतन ठाकुर के पास से चार और नाबालिग के पास से तीन जिंदा गोलियां मिलीं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

